अकाली दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता, पूर्व विधायक और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख राकेश अस्थाना से मिलकर उनसे करन जौहर और कुछ अन्य कलाकारों के खिलाफ ड्रग पार्टी करने के मामले में शिकायत की है। दिल्ली में हुई इस मुलाकात में सिरसा ने उनसे करन जौहर पर ड्रग पार्टी का आयोजन करने का आरोप लगाते हुए उनसे एक वायरल वीडियो की जांच कराने की मांग की। सिरसा ने ये भी कहा कि मैंने ये शिकायत पिछले साल भी की थी, अगर उस वक्त कोई कार्रवाई हो जाती तो शायद सुशांत की जान नहीं जाती।
इस बारे में अपनी शिकायत की कॉपी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'मैं फिल्म प्रोड्यूसर करन जौहर और अन्य के खिलाफ मुंबई स्थित घर पर ड्रग पार्टी आयोजित करने के मामले में शिकायत की जांच और कार्रवाई करने को लेकर दिल्ली के बीएसएफ मुख्यालय में एनसीबी प्रमुख राकेश अस्थाना से मिला। उस पार्टी वीडियो की जांच जरूर होनी चाहिए।'
शेयर किए एक अन्य वीडियो में सिरसा ने बताया कि 'हमने एनसीबी के चीफ राकेश अस्थाना जी से शिकायत की है। करीब 10 महीने पहले यही शिकायत मैंने महाराष्ट्र की मुंबई पुलिस से की थी। जिसमें करन जौहर द्वारा आयोजित पार्टी की जांच कराने की मांग की थी।'
सिरसा ने आगे कहा, 'जो लोग हमें 'उड़ता पंजाब' कहकर पूरी दुनिया में हमें बदनाम किया, शाहिद कपूर जैसे लोग जो खुद ड्रग्स लेते हैं, जो खुद ड्रग एडिक्ट हैं। उन्होंने अपनी स्टोरी को पंजाब के लोगों के साथ जोड़कर दिखा दिया। वो शाहिद की अपनी स्टोरी थी। और ये वीडियो जब से सामने आया है तब से मैं पुलिस को फॉलोअप कर रहा हूं, लेकिन हमारी बात किसी ने नहीं सुनी।'
आगे उन्होंने कहा, 'अगर हमारी बात उस वक्त सुन ली गई होती तो मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि आज सुशांत सिंह राजपूत को हमने नहीं खोया होता। महाराष्ट्र में पुलिस के लिए ड्रग्स इतना हल्का मुद्दा है कि उसने इसकी जांच करने की भी जरूरत नहीं समझी। अब उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया, इस बारे में वे बताएंगे।'
अब हमने एनसीबी प्रमुख को बताया है कि ये जो लोग हैं अगर आप इनकी जांच करेंगे तो बहुत सारे सनसनीखेज खुलासे होंगे। क्योंकि ये लोग जो ड्रग्स लेते करते हैं, इनका कोई सप्लायर है, उसकी जानकारी सामने आएगी। उसके जरिए पूरे ड्रग्स रैकेट का खुलासा होगा। मैं पूरे बॉलीवुड को दोष नहीं दे रहा, लेकिन बॉलीवुड के जो लोग शामिल हैं, वो तो सामने आने चाहिए। इसमें कुछ गलत नहीं है।'
सिरसा ने अपनी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने पर हैरानी भी जताई। उन्होंने बताया 'मैंने अपनी शिकायत को स्पीड पोस्ट के जरिए भेजा था, उसे अपने ऑफिशियल हैंडल पर भी डाला था और बार-बार रिमाइंडर भी भेजा था। लेकिन उस पर कार्रवाई तो दूर पुलिस ने उस पर ध्यान तक नहीं दिया।'
इससे पहले 14 सितंबर को उस वीडियो को शेयर करते हुए सिरसा ने अपने ट्वीट में लिखा था, 'याद कर लीजिये इस वीडियो में दिख रहे हर चेहरे को कुछ ही दिनों में ये लोग नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दफ़्तर के बाहर लाइन में खड़े नज़र आएंगे!! अपनी ड्रग पार्टियों के कारण जेल जाने की तैयारी में! #UdtaBollywood'
##Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3c1zh0J
No comments:
Post a Comment