बॉलीवुड के ड्रग्स कनेक्शन में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दिया मिर्जा की पूर्व मैनेजर राहिला फर्नीचरवाला, उनकी बहन शाहिस्ता और ब्रिटिश नागरिक करण सजनानी को अरेस्ट किया है। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में कुल 200 किलो गांजा बरामद हुआ है।
पहले करण सजनानी तक पहुंची NCB
जी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक NCB ने बताया, "जानकारी के आधार पर NCB ने बांद्रा, वेस्ट में एक कूरियर में गांजा जब्त किया। आगे की कार्रवाई में खार, वेस्ट स्थित ब्रिटिश नागरिक करण सजनानी के निवास से बड़ी मात्रा में गांजे की जब्ती हुई। सजनानी के खुलासे के बाद राहिला फर्नीचरवाला के पास से गांजा बड और उनकी बहन शाहिस्ता के पास से भी गांजा जब्त किया।"
करण ने पैक कराया था प्रतिबंधित ड्रग्स
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिबंधित ड्रग्स करण सजनानी ने पैक कराया था, जिसे वह मुंबई की अलग-अलग लोकेशंस पर अपने क्लाइंट्स के पास भेजने वाला था। करण के तार सुशांत सिंह राजपूत के केस से जुड़े हैं और वह अनुज केसवानी का सप्लायर रहा है, जिसे जांच NCB पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
बॉलीवुड में ड्रग्स केस की जांच लगातार जारी
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में फंदे से लटके मिले थे। उनकी मौत के बाद CBI, ED, NCB, मुंबई पुलिस और बिहार पुलिस ने इस मामले की जांच की, लेकिन कोई भी अंतिम निर्णय तक नहीं पहुंचा कि अभिनेता की मौत के पीछे की असल वजह क्या है? इस मामले में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को एक महीने तक जेल में रहना पड़ा। उनका भाई भी 3 महीने तक सलाखों के पीछे रहा।
मामले में दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और अर्जुन रामपाल समेत कई दिग्गजों से पूछताछ हो चुकी है। रिया और शोविक के अलावा कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है, जो फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। 30 से ज्यादा ड्रग्स पैडलर अरेस्ट हुए हैं।
सुशांत के करीबी ऋषिकेश पवार की तलाश
NCB को इस मामले में अब सुशांत के करीबी और असिस्टेंट डायरेक्टर ऋषिकेश पवार की तलाश है। वह अपने घर से गायब है। कई बार समन भेजने के बावजूद वह जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ। एक ड्रग्स सप्लायर ने राजपूत के पूर्व असिस्टेंट डायरेक्टर ऋषिकेश पवार का नाम लिया था। उससे एक बार पूछताछ हो चुकी है। सुशांत के हाउस मैनेजर रहे दीपेश सावंत ने भी यह दावा किया था कि ऋषिकेश ही सुशांत के लिए ड्रग्स लाया करता था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3saJO1d
No comments:
Post a Comment