दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत ने 2012 में यशराज फिल्म्स के साथ तीन फिल्मों का करार किया था। इनमें से दो (शुद्ध देसी रोमांस और डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी) ही बन पाई थीं। जबकि तीसरी फिल्म (पानी) अनाउंस होने के बाद बंद हो गई थी। पहली फिल्म के लिए सुशांत को 30 लाख रुपए दिए गए थे। यह जानकारी यशराज के कॉन्ट्रैक्ट की उस कॉपी से सामने आई है, जो 19 जून को प्रोडक्शन हाउस ने पुलिस को सौंपी थी।
दरअसल, अभिनेता के सुसाइड मामले में मुंबई पुलिस लगातार जांच कर रही है। इसे उनकी पेशेवर जिंदगी में आए उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखकर भी देखा जा रहा है। इसी के चलते यशराज से सुशांत के साथ उनके कॉन्ट्रैक्ट की कॉपी मांगी गई थी।
कॉन्ट्रैक्ट में तीन अहम बातें
कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक, सुशांत को यशराज के साथ तीन फिल्में करनी थीं और सभी की टर्म्स और कंडीशंस अलग-अलग थीं। खासकर फीस को लेकर तीन प्वॉइंट्स इस प्रकार थे:-
- पहली फिल्म के लिए 30 लाख रुपए मिलेंगे। अगर यह हिट हो जाती है तो दूसरी फिल्म के लिए 60 लाख और फ्लॉप होती है तो फिर दूसरी के लिए भी 30 लाख रुपए ही मिलेंगे।
- अगर पहली और दूसरी फिल्म हिट हुईं तो तीसरी फिल्म के लिए 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। लेकिन अगर पहली हिट और दूसरी फ्लॉप हुई तो फिर तीसरी के लिए 30 लाख रुपए ही मिलेंगे।
- अगर पहली फिल्म फ्लॉप रहती है और दूसरी हिट हो जाती है तो तीसरी के लिए 60 लाख रुपए दिए जाएंगे।
कॉन्ट्रैक्ट की सबसे अहम बात यह थी कि फिल्म हिट है या फ्लॉप? यह खुद प्रोडक्शन हाउस ही तय करेगा।
बड़ा सवाल: दूसरी फिल्म के लिए 1 करोड़ क्यों दिए?
सूत्रों की मानें तो सुशांत की पहली फिल्म यानी 'शुद्ध देसी रोमांस' हिट हुई तो यशराज ने उन्हें दूसरी फिल्म 'डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी' के लिए 1 करोड़ रुपए दिए। जबकि कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक, 60 लाख रुपए देने थे। प्रोडक्शन हाउस ने ऐसा क्यों किया? इसका जवाब अभी भी नहीं मिल पाया है। अब तक जिन लोगों के भी बयान हुए, सभी ने इस सवाल के जवाब में सिर्फ इतना ही कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है।
क्रिएटिव डिफरेंस का शिकार हुई शेखर की 'पानी'
तीसरी फिल्म 'पानी' शेखर कपूर के निर्देशन में बननी थी। लेकिन प्रोडक्शन हाउस और कपूर के बीच क्रिएटिव डिफरेंस के चलते यह फ्लोर पर नहीं आ सकी। पिछले दिनों ट्रेड पंडितों ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा था कि कपूर ने फिल्म का बजट 150 करोड़ रुपए बताया था, जो आदित्य चोपड़ा को ज्यादा लगा और उन्होंने इस प्रोजेक्ट को बंद करने का फैसला कर लिया।
यशराज के कुछ बड़े अधिकारियों से होगी पूछताछ
शुक्रवार को प्रोडक्शन हाउस के दो पूर्व बड़े अधिकारियों आशीष सिंह और आशीष पाटिल से पूछताछ हुई थी। इसके बाद शनिवार को सुशांत को कास्ट करने वाली यशराज की कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा को भी पुलिस स्टेशन बुलाया गया था। लेकिन पुलिस अभी भी कॉन्ट्रैक्ट की पेचीदगियों में उलझी हुई है। इसलिए प्रोडक्शन हाउस के कुछ और बड़े अधिकारियों को बुलाने की तैयारी की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YFxFod
No comments:
Post a Comment